
खिजरसराय। प्रखंड क्षेत्र के कुड़वा-पथरा गांव में जमुई सांसद अरुण कुमार भारती ने मृतक अजय मांझी और मृतका ललिता देवी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। सांसद ने दोनों पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपये का चेक सौंपा और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
कुड़वा गांव निवासी अजय मांझी की लोहराड़ी थाना क्षेत्र में हुई मौत की सूचना मिलने के बाद सांसद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने अजय मांझी की पत्नी को 50 हजार रुपये का चेक सौंपते हुए कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने और उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का भी भरोसा दिलाया।
इसके बाद सांसद पथरा गांव पहुंचे और मृतका ललिता देवी के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने सांसद को बताया कि कथित दुष्कर्म की घटना के बाद ललिता देवी की मौत हो गई थी। सांसद ने परिजनों को 50 हजार रुपये का चेक सौंपते हुए मामले में दोषियों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सांसद ने दोनों परिवारों को ढांढस बंधाया और कहा कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और मामले में नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।













Leave a Reply