जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, दुकान में तोड़फोड़ का आरोप।

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरीचट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित सुजीत कुमार ने फतेहपुर थाना में आवेदन देकर गांव के ही छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित सुजीत कुमार ने बताया कि 10 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे गांव के पप्पु शर्मा कथित रूप से उनकी जमीन पर दीवार निर्माण कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पप्पु शर्मा ने ईंट से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए और सिर से खून बहने लगा।



आवेदन में यह भी कहा गया है कि पिन्टु शर्मा ने गला दबाकर जान मारने का प्रयास किया, जबकि अन्य आरोपितों ने दुकान का सामान बाहर फेंक दिया तथा दुकान के कवाड़ और करकट में तोड़फोड़ की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सुधीर कुमार के साथ भी मारपीट की गई।

पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जब वह थाना पहुंचे, तब आरोपित उनके घर पहुंच गए और उनकी मां आरती देवी के साथ भी मारपीट की। सुजीत कुमार ने आरोप लगाया कि नामजद लोग अक्सर दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी देते हैं तथा पहले भी कई बार हमला करने का प्रयास कर चुके हैं।

पीड़ित ने यह भी बताया कि एक दिन पूर्व प्रशासन द्वारा विवादित जमीन पर दीवार निर्माण करने से मना किया गया था, इसके बावजूद आरोपित नहीं माने। घटना का वीडियो भी पीड़ित के मोबाइल में होने की बात कही गई है।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।