फतेहपुर प्रखंड में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व संपन्न

फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की सुबह लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर मोरहे, डुमरी चट्टी, सलैया कला, मतासो, दौनैया, गोपी मोड़, डुमरी, रघवाचक सहित विभिन्न छठ घाटों पर छठ व्रतियों ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

सुबह होते ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के अंतिम दिन घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। छठी मैया के गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

वहीं, पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना की। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।