बुलेट की तेज रफ्तार ने ली छह वर्षीय बच्ची की जान, बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल।

फतेहपुर थाना क्षेत्र के गोपी मोड़ के समीप रामपुर के पास मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट की टक्कर से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बुलेट सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत बच्ची की पहचान गोपी मोड़ निवासी उपेंद्र यादव की पुत्री रूपा कुमारी के रूप में हुई है। वह सीपीआर स्कूल में पढ़ती थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे रूपा अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान रजौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

बच्ची के पिता उपेंद्र यादव ने बताया कि उनकी बेटी घर के पास खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मासूम की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि रूपा की मां का निधन वर्ष 2019 में ही हो गया था। उपेंद्र यादव मूल रूप से दुंदु गांव के निवासी हैं। उन्होंने गोपी मोड़ के समीप मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहना शुरू किया था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।