फतेहपुर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने उदीयमान सूर्य को अर्पित किया दूध

लोक आस्था, सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह विभिन्न छठ घाटों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। छठ व्रतियों ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने भी उदीयमान सूर्य देव को श्रद्धापूर्वक दूध अर्पित कर अर्घ्य दिया। उन्होंने छठ महापर्व की धार्मिक परंपरा में भाग लेते हुए सूर्य देव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

मौके पर फतेहपुर अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा, नगर पंचायत फतेहपुर के मुख्य पार्षद सदस्य रवि साव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में छठ महापर्व के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

छठ पूजा को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। व्रतियों और उनके परिजनों ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। पूरे फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिला।

Ghhh