
फतेहपुर। गया के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत गुरपा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में सोमवार को 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बड़गांव निवासी संगीता देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार और एसआई विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, महिला का शव घर में जमीन पर पड़ा मिला, जबकि कमरे में पाइप के सहारे साड़ी लटकी हुई थी। इस परिस्थिति को देखते हुए पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित करने के साथ आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
दस वर्ष पहले हुई थी शादी
संगीता देवी की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। उनका मायका नालंदा जिले में बताया गया है। पति मुंबई में रहकर काम करते हैं। मृतका के दो बच्चे हैं। घटना के समय घर में कौन-कौन लोग मौजूद थे और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।
मायके वालों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
इधर, मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मायके वालों का दावा है कि संगीता देवी की हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। सोमवार शाम तक मायके वालों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत भी नहीं दी गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। गुरपा थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply