पीएम श्री विद्यालय करियादपुर में विविध कार्यक्रम आयोजित

देशभक्ति गीत,भाषण,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक कला ने मोहा मन।

टनकुप्पा प्रखंड के पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय करियादपुर परिसर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रचनात्मक गतिविधियां एवं विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा ने समारोह को आकर्षक बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए विद्यालय परिवार के साथ स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत एवं भाषण प्रस्तुत कर देश के प्रति अपने भाव और जिम्मेदारियों को अभिव्यक्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। वहीं रचनात्मक कला से जुड़े कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
समारोह में जगरनाथपुर पंचायत के मुखिया धनंजय मिस्त्री सहित अन्य अतिथियों ने भाग लिया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करने का स्थान नहीं है। बल्कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध कराने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत सफलता की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पढ़ाई करने, शिक्षकों एवं अभिभावकों का सम्मान करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक ऋत्विक कुमार, सूरज प्रसाद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।