
एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक, झंडोत्तोलन की समय-सारणी तय; स्कूली बच्चों की झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र
संवाददाता, खिजरसराय। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर नीमचक बथानी अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने के साथ इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में अधिकारियों की बैठक हुई। एसडीओ केशव आनंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तिरंगा यात्रा को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसमें आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा पर्व है। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
झंडोत्तोलन की समय-सारणी तय
बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में 15 अगस्त को होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम की समय-सारणी तय की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने और सभी तैयारियां समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया। एसडीओ ने अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
स्कूली बच्चों की झांकी बनेगी आकर्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की भागीदारी को लेकर भी सहमति बनी। संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के प्राचार्य ने झंडोत्तोलन कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से आकर्षक झांकी प्रस्तुत करने पर सहमति जताई। झांकी के माध्यम से बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे समारोह में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बनेगा।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, व्यवस्था, लोगों की भागीदारी और विभागों के बीच समन्वय सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। एसडीओ ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने और समारोह को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएसपी सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खिजरसराय बीडीओ पूजा गहलोत, दरोगा अमित कुमार, यशवंत उच्च विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका लता सिन्हा, मध्य विद्यालय खिजरसराय के शिक्षक ओमप्रकाश समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।













Leave a Reply