दांगी जाति के पात्र लोगों को जल्द जारी होगा जाति प्रमाण-पत्र

गया । दांगी जाति के पात्र लोगों को जाति प्रमाण-पत्र जारी करने को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने अधिकारियों के साथ विशेष समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में डीएम ने सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के आलोक में अधिकारियों को दांगी जाति के पात्र आवेदकों को जाति प्रमाण-पत्र जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र जारी करने में किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया।

डीएम ने कहा कि पूर्व में दांगी जाति के पूर्वजों के कई अभिलेखों और खतियानों में कोईरी जाति का उल्लेख मिलता रहा है। ऐसी स्थिति में संबंधित अभिलेखों की समुचित जांच के साथ स्थानीय स्तर पर स्थल जांच कराई जाए। उपलब्ध साक्ष्यों और नियमानुसार पात्रता की पुष्टि के बाद दांगी जाति का प्रमाण-पत्र जारी किया जाए।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधियों के माध्यम से भी संबंधित तथ्यों का सत्यापन कराया जा सकता है। डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करते हुए पात्र लोगों के लिए जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाने का निर्देश दिया।