
समस्तीपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने समस्तीपुर में लड़की के साथ कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ के मामले को सामने ला दिया। वीडियो सामने आने के बाद कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
घटना बुधवार को कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित डैम बाईपास रोड की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, लड़की अपने एक दोस्त के साथ वहां फोटो खिंचवाने के लिए रुकी थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज एवं छेड़छाड़ करने लगे।
वायरल वीडियो में लड़की को युवकों से घिरा हुआ देखा जा सकता है। वह आरोपियों से उसे जाने देने की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में एक युवक उसके हाथ पकड़ने की कोशिश करता दिखाई देता है, जबकि दूसरा युवक उसके साथ मारपीट करने का प्रयास करता नजर आ रहा है। लड़की अपने भाई को बुलाने की बात कहती है, जिस पर एक युवक उसे भाई को बुलाने के लिए कहता हुआ सुनाई देता है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुद घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई शुरू हुई।
समस्तीपुर एसपी ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।













Leave a Reply