हर माह की 10 तारीख को पेंशनधारियों के खाते में पहुंचेगी पेंशन

गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जुलाई माह की पेंशन राशि का सोमवार को डीबीटी के माध्यम से पेंशनधारियों के खाते में अंतरण किया गया। इसको लेकर समाहरणालय सभागार में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पेंशन की राशि अंतरित की। कार्यक्रम में करीब 150 पेंशनधारी शामिल हुए और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में पेंशन की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से वंचित 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोगों को पेंशन योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन किए जाने पर अधिकारियों और कर्मियों को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में पेंशनधारियों के लिए बैठने, नाश्ता और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग समेत विभाग के कर्मी मौजूद थे।

4.11 लाख से अधिक पेंशनधारियों को मिली जुलाई की राशि

जुलाई 2026 की पेंशन राशि के तहत जिले के विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 4,11,542 पेंशनधारियों के लिए कुल 47 करोड़ 15 लाख 79 हजार 900 रुपये की राशि का भुगतान किया गया।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,22,917 लाभुकों को 26 करोड़ 5 लाख 92 हजार 900 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 91,384 लाभुकों को 10 करोड़ 14 लाख 75 हजार 200 रुपये तथा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 45,334 लाभुकों को 5 करोड़ 7 लाख 54 हजार 700 रुपये दिए गए।

इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,574 लाभुकों को 1 करोड़ 59 लाख 86 हजार 700 रुपये, बिहार राज्य निःशक्तता पेंशन योजना के 37,149 लाभुकों को 4 करोड़ 14 लाख 68 हजार रुपये और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,184 लाभुकों को 13 लाख 2 हजार 400 रुपये की राशि अंतरित की गई।