चलती ट्रेन में दरवाजे पर बैठना पड़ा भारी युवक का पैर प्लेटफॉर्म से टकराया हुआ घायल।

:- पहाड़पुर स्टेशन पर रेल पुलिस ने बचाई जान।

पुरी-आनंद विहार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801 अप) में यात्रा कर रहे एक युवक के साथ लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन गई। ट्रेन के जनरल कोच के दरवाजे के पायदान पर बैठकर सफर कर रहे युवक का पैर परसाबाद स्टेशन के पास प्लेटफॉर्म से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सुरक्षित उतारकर अस्पताल पहुंचाया।

आरपीएफ के अनुसार, ट्रेन के पहाड़पुर स्टेशन पहुंचने पर हवलदार रवि रोशन कुमार, आरपीएफ जवान विमल कुमार गुप्ता और ड्यूटी पर तैनात पोर्टर ने घायल यात्री को कोच से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के मिल्कीपुर थाना क्षेत्र के पलिया लोहनी निवासी 23 वर्षीय संजय गोस्वामी के रूप में हुई है। वह अपने चचेरे भाई आशुतोष सिंह के साथ भुवनेश्वर से प्रयागराज जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि यात्रा के दौरान वह जनरल कोच के दरवाजे के पास बैठा था। इसी दौरान परसाबाद स्टेशन के समीप उसका पैर प्लेटफॉर्म से टकरा गया और वह घायल हो गया।आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन के दरवाजे या पायदान पर बैठकर यात्रा न करें। थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।