पुलिस-पब्लिक संवाद में घरेलू कलह, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था पर जागरूकता ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र की डुमरी चट्टी पंचायत के दोनैया और टनकुप्पा थाना क्षेत्र के महियारपुर में पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, स्थानीय समस्याओं को सुनना तथा अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता बढ़ाना रहा।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, घरेलू हिंसा या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
संवाद के दौरान महिला सुरक्षा, घरेलू कलह, नशामुक्ति, साइबर ठगी से बचाव, यातायात नियमों के पालन, युवा जागरूकता और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा थाना पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निस्तारण करने की मांग उठाई।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दोनैया में जमीन विवाद से जुड़ा एक आवेदन प्राप्त हुआ है। वहीं टनकुप्पा थानाध्यक्ष बसंत कुमार राय ने बताया कि महियारपुर में स्कूल जाने के रास्ते, नाला विवाद सहित चार मामले सामने आए, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में एसआई अंबुज कुमार, संदीप कुमार, मुखिया मनीष कुमार, मुखिया गायत्री देवी, श्रीकांत चौधरी, सरपंच समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।