
एसडीओ बोले- चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया, नए सीओ ने पारदर्शी प्रशासन का दिया भरोसा
संवाददाता, खिजरसराय (गया)।
खिजरसराय अंचल कार्यालय में शुक्रवार को विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्थानांतरित अंचल अधिकारी (सीओ) चंदन कुमार को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवनियुक्त अंचल अधिकारी केशव किशोर का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ केशव आनंद ने कहा कि खिजरसराय एक बड़ा एवं चुनौतीपूर्ण अंचल है। इसके बावजूद चंदन कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीसीएलआर संतोष कुमार सुमन ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा का सामान्य हिस्सा है। उन्होंने चंदन कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए नवनियुक्त सीओ केशव किशोर से भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।
विदाई समारोह में भावुक दिखे चंदन कुमार ने कहा कि खिजरसराय में उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता का भरपूर सहयोग एवं स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार आयोजित जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता रही। यहां के लोगों का सहयोग और अपनापन हमेशा याद रहेगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अंचल अधिकारी केशव किशोर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने अंचल कर्मियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।
समारोह में सीडीपीओ मोना, राजस्व अधिकारी नवल आनंद, उचौली के मुखिया पवन पंडित, कुड़वा के मुखिया राज वल्लभ पासवान, राजस्व कर्मचारी तकबीर आलम, प्रकाश कुमार चौधरी, राजीव कुमार, उमेश कुमार, सहदेव पासवान, चंदन कुमार, अमीर यादव, अभिजीत, अंचल अमीन प्रतिमा, मुकेश कुमार, आनंद कुमार, राहुल कुमार, मंजुल कुमार, अरुण कुमार, सुनीता, चंचल, बड़े बाबू राज कुमार, अंचल नाजिर आदित्य कुमार सहित बड़ी संख्या में अंचल कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।













Leave a Reply