
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बाइक के साथ दो सौ लीटर देसी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि झारखंड से अवैध शराब की खेप बाइक के जरिए लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई अमरेंद्र कुमार और एएसआई सतीन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के भवारी खुर्द मैदान के समीप घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही तस्कर बाइक छोड़कर भाग निकला। तलाशी लेने पर बाइक से दो सौ लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने बाइक और शराब को जब्त कर थाना लाया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।












Leave a Reply