रिश्वत लेते सरकारी अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार, जमीन की मापी के बदले मांग रहा था 5 हजार रुपये।

जहानाबाद। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जहानाबाद जिले के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित सरकारी अमीन अनिल कुमार को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के सिंदानी गांव निवासी विमलेश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकारी अमीन अनिल कुमार जमीन की मापी करने के एवज में 5,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी थाना कांड संख्या 082/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत टीम ने मखदुमपुर अंचल कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित कंप्यूटर डेटा रिकॉर्ड रूम में जाल बिछाया। जैसे ही सरकारी अमीन अनिल कुमार ने परिवादी से 5,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।