
खिजरसराय, संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें निवर्तमान बीडीओ कुमारी सुमन को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवनियुक्त बीडीओ पूजा गहलोत का स्वागत किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम केशव आनंद थे।समारोह में सीडीपीओ मोनो कुमारी, प्रमुख उर्मिला देवी, राजस्व अधिकारी नवल आनंद, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रखंडकर्मी मौजूद रहे।
समारोह में सीडीपीओ मोनो कुमारी, प्रमुख उर्मिला देवी, राजस्व अधिकारी नवल आनंद, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रखंडकर्मी मौजूद रहे।
विदाई समारोह में कुमारी सुमन ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का प्रयास किया। इसमें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिला। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताया।
पदभार ग्रहण करने के बाद बीडीओ पूजा गहलोत ने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य नियमानुसार और समय पर निष्पादित करें। किसी भी कर्मचारी द्वारा अनावश्यक रूप से लोगों को परेशान करने या दौड़ाने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम केशव आनंद ने दोनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए नई बीडीओ को शुभकामनाएं दीं। प्रमुख उर्मिला देवी और सीडीपीओ मोनो कुमारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पूजा गहलोत का स्वागत किया। वहीं, प्रखंडकर्मियों ने कुमारी सुमन को स्मृति-चिह्न देकर उनके योगदान की सराहना की।













Leave a Reply