
खिजरसराय, संवाददाता:- खिजरसराय प्रखंड को नई प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मिल गई हैं। सोमवार को पूजा गहलौत ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान बीडीओ कुमारी सुमन ने उन्हें प्रभार सौंपते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियां हस्तांतरित कीं। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नई बीडीओ का स्वागत किया, जबकि कुमारी सुमन को भावभीनी विदाई दी गई।
प्रभार हस्तांतरण के मौके पर अधिकारियों और कर्मियों ने कुमारी सुमन के करीब तीन वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया। आम लोगों की समस्याओं के समाधान, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालय संचालन में उनकी भूमिका सराहनीय रही। उनके नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय की कार्यशैली में सुधार हुआ और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता मिली।
पदभार ग्रहण करने के बाद नई बीडीओ पूजा गहलौत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। सभी कर्मियों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।मौके पर प्रखंड कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।













Leave a Reply