
मुजफ्फरपुर। प्रेम विवाह से नाराजगी और पारिवारिक विवाद के बीच मुजफ्फरपुर में युवती की हत्या का मामला सामने आया है। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास झाड़ियों में मिले रेणु कुमारी के शव के मामले में पुलिस ने उसके भाई मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या में उसका एक दोस्त भी शामिल था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रेणु ने करीब नौ महीने पहले अपनी मर्जी से रामपुरहरि निवासी प्रिंस से शादी की थी। इस विवाह को लेकर परिवार में नाराजगी थी और विवाद भी होता रहता था। पुलिस इसी पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
सात अक्टूबर को दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास झाड़ियों में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तीसरे दिन मृतका के पिता हरेंद्र राय ने एसकेएमसीएच पहुंचकर शव की पहचान अपनी बेटी रेणु कुमारी के रूप में की। इसके बाद उन्होंने कांटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। इसके बाद पुलिस ने मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
दोस्त के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मनीष ने अपनी बहन की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर रेणु की हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रेम विवाह से जुड़े विवाद समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












Leave a Reply