
गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरैल गांव के समीप शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर टनकुप्पा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान मंगरैल गांव निवासी 80 वर्षीय यमुना यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि यमुना यादव शुक्रवार सुबह घर से मवेशी चराने के लिए निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान गांव के समीप उनका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
टनकुप्पा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।













Leave a Reply