खिजरसराय के निजी अस्पताल में डीएनसी के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा; अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

संवाददाता, खिजरसराय :-खिजरसराय बाजार स्थित भोला भाई के निजी अस्पताल में डीएनसी (D&C) के बाद एक महिला की मौत हो जाने से शनिवार को अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतका की पहचान नौबतपुर निवासी रणधीर कुमार की 25 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। उनका आरोप है कि डीएनसी की प्रक्रिया के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। अस्पताल में उन्हें एक बोतल चढ़ाई गई और इंजेक्शन दिया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने महिला की बिगड़ती हालत को लेकर डॉक्टर से जानकारी मांगी, तो उन्हें मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वे महिला को घर ले गए, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत और गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें खिजरसराय के सूर्य तारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए तथा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर खिजरसराय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मृतका रंजू कुमारी के शव को निजी वाहन से उनके घर भिजवाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. अनीता देवी ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित परिजन उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए। मीडिया ने अस्पताल संचालक डॉ. भोला भाई से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, डॉ. अनीता देवी से भी पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। अस्पताल के कुछ स्टाफ और कंपाउंडर ने बताया कि डॉ. अनीता देवी अस्पताल आई थीं, लेकिन बाद में निजी कार्य से चली गईं।

परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल में प्रसव और जांच जैसी सेवाओं के संचालन, आवश्यक अनुमति तथा निर्धारित मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

खिजरसराय थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: इलाज में लापरवाही के आरोप परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की  पुष्टि सच भारत न्यूज़ नहीं करता है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और चिकित्सीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।