खिजरसराय: ग्राम सभा में पीएचईडी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पेयजल समस्याओं पर नहीं हो सकी सुनवाई।


संवाददाता, खिजरसराय:- पंचायत विकास दिवस के अवसर पर खिजरसराय प्रखंड की कुड़वा पंचायत में आयोजित ग्राम सभा के दौरान पेयजल की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जताई। ग्राम सभा में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के किसी भी अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए असंतोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के कई वार्डों में नल-जल योजना सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है। कहीं जलापूर्ति बाधित है तो कहीं पाइपलाइन और अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इन समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर ग्रामीण ग्राम सभा में पहुंचे थे, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने से उनकी शिकायतों पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना था कि ग्राम सभा का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के अधिकारी के नहीं पहुंचने से यह उद्देश्य अधूरा रह गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ग्राम सभा के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके और विकास योजनाओं की प्रभावी समीक्षा की जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पेयजल संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।