ऑटो में गाना बजने के विवाद में मारपीट, हत्या के प्रयास में दो गिरफ्तार।

फतेहपुर। ऑटो में गाना बजने को लेकर हुए विवाद में मारपीट व हत्या के प्रयास के मामले में फतेहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून को पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर बताया कि वह ऑटो से कमरा दोनैया कर्बला के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान ऑटो में गलती से गाना बज गया। इस बात को लेकर कमरा दोनैया स्कूल के पास दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान जिबरा खान अपने सहयोगियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के संबंध में फतेहपुर थाना में कांड संख्या 368/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुल्लु खान एवं जिबरा खान, दोनों पिता बेचु खान, निवासी कमरा दोनैया, थाना फतेहपुर, जिला गया को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।