फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की बाइक बरामद, दो गिरफ्तार

फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना पुलिस ने रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि रविवार रात सूचना मिली थी कि चोरी की एक बाइक के साथ दो युवक फतेहपुर थाना क्षेत्र के जगनबाड़ी पुल के समीप मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई मनोज कुमार, एएसआई सतीन कुमार एवं एएसआई सुभाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई।

पुलिस टीम ने जगनबाड़ी पुल के समीप पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों की सतर्कता के कारण उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बाइक बरामद हुई। जांच में बाइक चोरी की पाई गई, जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरगा गांव निवासी कमलेश कुमार, पिता माली यादव तथा सुरूगा विगहा गांव निवासी सनोज कुमार, पिता सजन यादव के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों से बाइक के संबंध में पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बाइक कहां से चोरी की गई थी और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।