
मनरेगा घोटाले की शिकायत पर जांच करने पहुंची जिला स्तरीय टीम।
फतेहपुर (गया)। फतेहपुर प्रखंड की मोरहे पंचायत में मनरेगा योजनाओं में कथित अनियमितता और सरकारी राशि के गबन की शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। जिला पदाधिकारी को दिए गए आवेदन के आधार पर शनिवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम मोरहे पंचायत पहुंची और विभिन्न योजनाओं की जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने मनरेगा के तहत संचालित प्लांटेशन एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता रविरंजन कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों से लगाए गए पेड़ों की गिनती कर वास्तविक स्थिति की जांच करने का आग्रह किया। उनका आरोप है कि मौके पर जितने पेड़ लगे हैं, उससे कहीं अधिक पेड़ों के नाम पर सरकारी राशि की निकासी की गई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि एक ही स्थल को अलग-अलग नाम से दर्शाकर कई योजनाओं की स्वीकृति ली गई और सरकारी राशि का भुगतान कराया गया। साथ ही पूर्व में किए गए निर्माण कार्यों को दोबारा योजना में शामिल कर राशि निकासी करने का भी आरोप लगाया गया है।
हालांकि, जांच के दौरान अधिकारियों ने शिकायतों से जुड़े बिंदुओं का निरीक्षण किया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।













Leave a Reply