हथौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वर्षों से फरार तीन नामजद अभियुक्तों के घर कुर्की-जब्ती, इलाके में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के इस सख्त कदम से फरार वारंटियों और अपराधियों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई हथौड़ी थाना कांड संख्या 219/24, दिनांक 20 नवंबर 2024 के तहत की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 80 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से नामजद अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाना बदल रहे थे।

न्यायालय के आदेश पर जिन अभियुक्तों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई, उनमें ग्राम मनकी निवासी अजय पासवान, श्याम नारायण पासवान एवं मीना देवी शामिल हैं। बताया गया कि तीनों अभियुक्त एक ही परिवार के सदस्य हैं।

हथौड़ी थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पहले अभियुक्तों के घर इश्तेहार चस्पा कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके जब अभियुक्त सामने नहीं आए, तब हथौड़ी थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और ढोल-नगाड़े बजवाकर मुनादी कराई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में घर के चौखट, किवाड़ समेत अन्य घरेलू सामानों को जब्त किया गया।

थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। लंबे समय से फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फरार अभियुक्त जल्द आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन का खौफ साफ तौर पर देखा जा रहा है। हथौड़ी पुलिस जब्त सामान को थाने लाकर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।