फतेहपुर में केंद्रीय टीम ने मनरेगा कार्यों की जांच की, मतासो एवं पहाड़पुर पंचायत का किया निरीक्षण

संवाददाता, गया :- ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर बिहार के गया जिले में केंद्र सरकार की एक उच्चस्तरीय टीम विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा कर रही है। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के प्रधान सचिव को पत्र जारी कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था।

जारी पत्र के अनुसार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत और प्रगति का जायजा लेने के लिए मंत्रालय के दो अधिकारी गया जिले के दौरे पर हैं। इसमें विवेका नंद, अवर सचिव (SAGY/MA) एवं वरुण दीक्षित, एसएसओ (SAGY/MA) शामिल हैं।

दौरे के दौरान अधिकारी जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्थलों का निरीक्षण भी कर रहे हैं। इसी क्रम में कल फतेहपुर प्रखंड के मतासो पंचायत एवं पहाड़पुर पंचायत में मनरेगा विभाग से कराए गए सभी कार्यों की जांच की गई। टीम ने प्लांटेशन, सड़क, कच्चा एवं पक्का कार्य सहित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

टूर प्लान के अनुसार केंद्रीय टीम 25 मई 2026 को दिल्ली से गया पहुंची है और 31 मई 2026 तक जिले में रहकर योजनाओं की समीक्षा करेगी। इसके बाद टीम वापस दिल्ली रवाना होगी।
इस निरीक्षण को ग्रामीण विकास योजनाओं की गुणवत्ता और क्रियान्वयन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।