हत्या मामले में खिजरसराय पुलिस की बड़ी सफलता, फरार आरोपी राजेंद्र यादव गिरफ्तार

खिजरसराय थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो खिजरसराय थाना क्षेत्र के बनारसी बिगहा गांव का निवासी बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिजरसराय थाना कांड संख्या 142/26, दिनांक 06 मई 2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दर्ज हत्या मामले में राजेंद्र यादव प्राथमिक अभियुक्त था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

रविवार को खिजरसराय थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी गया जिले के गेल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखी बिगहा गांव में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।उन्होंने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।इस गिरफ्तारी को खिजरसराय पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।