भीषण गर्मी में पानी को तरसे ग्रामीण, नल-जल योजना ठप होने से बढ़ी परेशानी।

खिज़रसराय (गया): बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल-जल योजना’ जहां हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा करती है, वहीं गया जिले के खिज़रसराय प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हथियावां के वार्ड संख्या-02 में यह योजना पूरी तरह ठप पड़ी है। भीषण गर्मी के बीच कई दिनों से पानी की सप्लाई बंद रहने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड में नल-जल की आपूर्ति बंद है। आरोप है कि वार्ड सदस्य शबाना खातून के देवर मो० नौशाद आलम ने अपनी मर्जी से पानी की सप्लाई रोक दी है। जब ग्रामीणों ने पानी चालू करने की मांग की, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “जब तक पानी का मीटर नहीं लगेगा, तब तक पानी चालू नहीं होगा” और इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के निर्देश का हवाला दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें आवेदन देने की चुनौती तक दी गई। इस व्यवहार से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस चिलचिलाती गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।

मामले को लेकर पीएचईडी विभाग की अधिकारी अप्सरा कुमारी द्वारा भी कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जिलाधिकारी गया से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा बंद पड़े नल-जल योजना को अविलंब चालू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

वही इस मामले में बीडीओ को फोन किया गया। हालांकि बीडीओ ने फोन नहीं उठा।