बिहटा पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं।

खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत बिहटा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद,गया टाउन डीएसपी धर्मेंद्र भारती,अतरी विधायक रोमित कुमार,अंचल अधिकारी चंदन कुमार,राजस्व अधिकारी नवल आनंद एवं राजस्व कर्मचारी चंदन कुमार सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीणों ने जमीन विवाद, राशन कार्ड, शौचालय, जॉब एवं अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।

इस दौरान अतरी विधायक रोमित कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों का बेहतर तरीके से निष्पादन कर आम जनता को समय पर सुविधा उपलब्ध कराएंगे।