
जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गया पुलिस ने रविवार को विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) गया के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ बैंकों, ज्वेलरी दुकानों और प्रमुख बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की कड़ी जांच की गई।
इसी क्रम में महकार थाना पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। थाना अध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ कुड़वा बाजार पहुंचे, जहां बिहार ग्रामीण बैंक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम नई बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) पहुंची और बैंक परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बैंक में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की गई तथा बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं सड़कों पर भी वाहनों की सघन जांच की गई। बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और बिना कागजात वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र के सभी बैंक, वित्तीय संस्थान और ज्वेलरी दुकानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार जांच अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply