
गयाजी।मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट के माध्यम से 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास, जलापूर्ति, शहरी व ग्रामीण संरचना, कैंसर केयर और नदी संरक्षण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार के विकास में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के योगदान की सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य के नागरिकों को व्यापक लाभ मिलेगा और बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री बोधगया की पावन धरती पर आए हैं। उन्होंने कहा कि जिन 14 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है, उनकी कुल लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। साथ ही दो नई ट्रेनों को रवाना भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के सिमरिया में नवनिर्मित गंगा पुल के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष रूप से आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बोधगया और गयाजी में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। फल्गू नदी में रबर डैम और सीता सेतु का निर्माण, महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र और विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण जैसी योजनाएं राज्य की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध कर रही हैं। उन्होंने बताया कि गया शहर को अब “गयाजी” नाम दिया गया है, जो केंद्र की भी मंशा थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 के बाद से बिहार में विकास की रफ्तार तेज हुई है। कानून व्यवस्था सुधरी है और सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है। हाल में वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। हर घर बिजली पहुंचाई गई है और अब सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली देने की योजना जुलाई से लागू कर दी गई है।
नीतीश कुमार ने कहा कि 10 लाख सरकारी नौकरियों के वादे को पूरा कर दिया गया है, और रोजगार के अवसर बढ़कर अब 39 लाख हो गए हैं। लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। राज्य में नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा बजट में बिहार को मिली विशेष सहायता का भी उल्लेख किया, जिसमें सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण, मखाना बोर्ड और एयरपोर्ट की स्थापना जैसी घोषणाएं शामिल हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन का अवसर बिहार को मिलना भी गर्व की बात बताया गया।इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अंत में प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।












Leave a Reply