चार साल से फरार अभियुक्त मुन्ना चौधरी गिरफ्तार, फतेहपुर पुलिस ने बजरंगबली मंदिर के समीप से दबोचा

फतेहपुर। फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साल से फरार चल रहे अभियुक्त मुन्ना चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मंगलवार को फतेहपुर थाना के बजरंगबली मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्ना चौधरी मारपीट एवं जानलेवा हमले से जुड़े एक मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके विरुद्ध फतेहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।

इस संबंध में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एसआई अंबुज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्त मुन्ना चौधरी को बजरंगबली मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना लाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों में हड़कंप मचा हुआ है।