
फतेहपुर। फतेहपुर प्रखंड के सर्वांगीण विकास और वर्षों से लंबित बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के फतेहपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष देवीलाल यादव ने पहल की है। उन्होंने बिहार विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन देकर क्षेत्र के विकास से जुड़ी 21 सूत्री मांगें रखी हैं। इसमें रेलवे सुविधाओं के विस्तार से लेकर कॉलेज निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, पीसीसी सड़क, नाला, छठ घाट और मंदिरों के विकास तक की मांग शामिल है।
देवीलाल यादव ने कहा है कि फतेहपुर प्रखंड के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाना आवश्यक है।
रेलवे और शिक्षा की सुविधाओं पर विशेष जोर।
आवेदन में पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराने तथा वैशाली पैसेंजर, मुंबई मेल और जोधपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है। इसके अलावा फतेहपुर प्रखंड में कॉलेज निर्माण कराने का प्रस्ताव भी रखा गया है, ताकि स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़े।
ग्रामीण सड़कों और नाला निर्माण की मांग।
सड़क एवं आवागमन की समस्या को देखते हुए राजाबिगहा से बरहारा कला होते हुए सिकरी गांव तक सड़क निर्माण, सिकरी मोड़ से पसरनीमा रोड तक पीसीसी सड़क, जम्हेता मोड़ से मदगाढ़ होते हुए भलुआ जीरो रोड तक सड़क निर्माण तथा बम्हेता रोड से मोहनपुर और बाराचट्टी तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की गई है।
इसके साथ ही रातो खुर्द गांव में देवी मंदिर से प्रमोद सिंह के घर तक पीसीसी सड़क, मानपुर गोप में महादलित टोला होते हुए रेलवे लाइन तक सड़क एवं नाला निर्माण, सतनिया मोड़ से ढंगरा आहर होते हुए चरावर तक सड़क निर्माण तथा पहाड़पुर गांव में सुरेश साव के घर से आगे तक पीसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है।
जम्हेता गांव में उपेंद्र मिस्त्री के घर से पुल तक नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण और डाकखाना मुख्य सड़क से सलैया खुर्द होते हुए फरियादपुर तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग भी आवेदन में शामिल है।
छठ घाट, मंदिर और सामुदायिक सुविधाओं का भी उठाया मुद्दा।
देवीलाल यादव ने रातो खुर्द गांव में छठ घाट निर्माण, संडेश्वर में विवाह मंडप की बाउंड्री निर्माण एवं मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण की मांग की है। वहीं, जम्हेता गांव में छठ घाट और मंदिर निर्माण तथा सिकरी गांव के पोखर में छठ घाट बनवाने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अलावा कालाली घाट से हनुमान मंदिर तक पीसीसी सड़क और गुरिया से पतवास होते हुए करराखंड बॉर्डर तक सड़क निर्माण कराने की मांग भी की गई है।
भाजपा नेता देवीलाल यादव ने कहा कि फतेहपुर प्रखंड का विकास केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचनी चाहिए। रेलवे, शिक्षा, सड़क, नाला और धार्मिक स्थलों से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान होने से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल करने की अपील की है।









Leave a Reply