जमीन की मापी के नाम पर रिश्वतखोरी, निगरानी के जाल में फंसे दो सरकारी अमीन, 7 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

गया। जमीन की मापी और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के नाम पर रिश्वत मांगना दो सरकारी अमीन को महंगा पड़ गया। पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को गया शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एपीआर मॉल के समीप जाल बिछाकर दोनों अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रोहित कुमार ने अपनी जमीन की मापी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के बावजूद मापी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के एवज में संबंधित अमीन द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर रोहित कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। मंगलवार को गया शहर के एपीआर मॉल के समीप जैसे ही दोनों अमीन ने 7 हजार रुपये रिश्वत की राशि ली, निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार अमीन की पहचान अविनाश कुमार और दीपू कुमार के रूप में बताई गई है। हालांकि, दोनों किस कार्यालय में पदस्थापित थे और कहां के रहने वाले हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम दोनों को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना रवाना हो गई।

निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज ने बताया कि रोहित कुमार की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपितों को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल निगरानी विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है।