जीविका संकुल में नशामुक्ति का लिया गया संकल्प, महिलाओं ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लिया निर्णय

खिजरसराय संवाददाता। नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से खिजरसराय प्रखंड के सरबहदा स्थित उन्नति जीविका संकुल स्तरीय कार्यालय में नशामुक्ति को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई और समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी मनीषा बहन ने कहा कि नशे की लत किसी एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी के कगार पर पहुंचा देती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है और सामाजिक वातावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा। महिलाएं जागरूक होकर नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महिलाओं को जागरूक होने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को नशे से दूर रखने की अपील की।इस अवसर पर जीविका कार्यालय में उपस्थित सदस्यों एवं जीविका दीदियों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को हर प्रकार के नशे एवं व्यसन से मुक्त रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मनीषा बहन, चंचल, ऊषा माता, ओमप्रकाश भाई सहित सैकड़ों की संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।