पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

फतेहपुर:- गया-कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के समीप पोल संख्या 438/10F के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना फतेहपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर एसआई संदीप कुमार और एसआई दशरथ चौधरी को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान करने में जुटी है।