खिजरसराय में ग्राम रक्षक की बहाली नहीं, बीडीओ ने दी सूचना, पैसे मांगने वालों पर होगी कार्रवाई

गया जिले के खिजरसराय प्रखंड में ग्राम रक्षक के पद पर फिलहाल किसी प्रकार की बहाली नहीं निकाली गई है। इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलोत ने आम लोगों को सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम रक्षक की बहाली के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि जमा करने की सूचना या आधिकारिक प्रक्रिया फिलहाल जारी नहीं की गई है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलोत ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ग्राम रक्षक की बहाली कराने का झांसा देकर पैसे की मांग करता है या किसी से राशि जमा करवाता है, तो ऐसे लोगों से सतर्क रहें। इस तरह की गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बहाली के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे न दें। किसी भी प्रकार की बहाली संबंधी जानकारी के लिए प्रखंड कार्यालय या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर पुष्टि करें।

बीडीओ ने कहा कि लोगों की जागरूकता से इस तरह की धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सकती है। इसलिए किसी भी बहाली संबंधी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें।