
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:-सावन के अवसर पर शनिवार को कुड़वा पंचायत के श्यामनगर गांव से 551 फीट लंबी कांवर यात्रा निकाली गई। विशाल कांवर को कंधे पर लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से श्यामनगर सहित आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।
ग्रामीणों के सहयोग से लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस कांवर यात्रा में युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। डीजे की धुन और भोलेनाथ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। 551 फीट लंबी कांवर यात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
यात्रा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि श्रद्धालु बस से फतुहा पहुंचेंगे। वहां गंगाजल भरने के बाद पैदल यात्रा शुरू होगी, जो दनियावां, हुलासगंज, नई बाजार और कुड़वा होते हुए बनावर पहाड़ पहुंचेगी। बनावर पहाड़ स्थित भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पेयजल, भोजन और ठहरने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजकों ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ ग्रामीणों के बीच आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना भी है।













Leave a Reply