अमरावती नदी बनी काल, फिसलकर गिरने से मजदूर की मौत

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र की उत्तरी लोधवे पंचायत के पुरनीरक्सी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय मजदूर मुन्ना चौहान की मौत हो गई। वह खेत में काम करने के बाद दोपहर में खाना खाने घर लौट रहा था। इसी दौरान अमरावती नदी पार करते समय फिसलकर पानी और कीचड़ में गिर गया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक मुन्ना चौहान एक किसान के खेत में मोरी उखाड़ने का काम कर रहा था। काम खत्म कर घर लौटते समय नदी की उड़ाही के बाद निकली गीली मिट्टी से गुजरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गड्ढे में मुंह के बल गिर पड़ा। पानी और कीचड़ में गिरने से उसके मुंह और नाक में चोट लगी तथा दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह नदी में मुंह के बल गिरा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर फतेहपुर थाना के एसआई संदीप कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज अस्पताल गया भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।