प्रधानाध्यापक की तबीयत बिगड़ने पर विद्यालय पहुंचे बीईओ, जाना स्वास्थ्य का हाल।

खिजरसराय (गया)। मंसाबीघा प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनूप कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. अभय कुमार रमन विद्यालय पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने शिक्षकों से पूरी जानकारी लेने के साथ ही प्रधानाध्यापक के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कार्य के दौरान प्रधानाध्यापक अनूप कुमार की अचानक तबीयत खराब हो गई। सूचना मिलते ही बीईओ डॉ. अभय कुमार रमन बिना विलंब किए विद्यालय पहुंचे और उनकी स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा प्रधानाध्यापक को चिकित्सकों की सलाह के अनुरूप उपचार कराने और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक आवश्यक आराम करने की सलाह दी।

इस मौके पर डॉ. रमन ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका स्वस्थ रहना विद्यार्थियों और विद्यालय, दोनों के हित में आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा विभाग अपने शिक्षकों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बीईओ के इस मानवीय एवं संवेदनशील पहल की विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। उनका कहना था कि किसी अधिकारी का स्वयं विद्यालय पहुंचकर शिक्षक का हालचाल लेना विभाग की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है और इससे शिक्षकों का मनोबल भी बढ़ता है।

अंत में बीईओ ने प्रधानाध्यापक अनूप कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनके पूर्ण स्वस्थ होने तक विभाग हर आवश्यक सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।