
खिजरसराय प्रखंड के कुड़वा, नौडीहा, सैदपुर, खिजरसराय बाजार, नादरा सहित विभिन्न गांवों में मोहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक ताज़िया एवं ध्वज जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकाले गए। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मोहर्रम की रस्में अदा कीं।
पूरे जुलूस के दौरान अनुशासन और शांति का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने ताज़िया जुलूस का स्वागत किया, जबकि युवाओं ने पारंपरिक करतब भी प्रस्तुत किए। पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की मिसाल देखने को मिली।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त करती रही और ड्रोन एवं अन्य माध्यमों से भी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अफवाह पर तत्काल नियंत्रण रखा जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रशासन की सतर्क व्यवस्था के कारण पूरे खिजरसराय प्रखंड में मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।













Leave a Reply