पहाड़पुर रेलवे फाटक पर रोजाना घंटों का जाम, ओवरब्रिज नहीं बनने से लोग परेशान

फतेहपुर :- फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के अभाव में प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। इस कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में जाम में फंसे रहने को लोग अपनी मजबूरी बता रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। फाटक खुलने के बाद भी जाम सामान्य होने में काफी समय लग जाता है। परिणामस्वरूप लोगों का बहुमूल्य समय बर्बाद होता है और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुँचने में काफी विलंब का सामना करना पड़ता है।

राहगीर पंकज कुमार ने बताया कि पहाड़पुर रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगभग दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि, आखिर इस समस्या से हमें कब निजात मिलेगी, यह भगवान ही जानते हैं। भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विधायक और सांसद इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के समय जनता की समस्याओं की बात करने वाले जनप्रतिनिधि चुनाव समाप्त होते ही लोगों की परेशानियों को भूल जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार रेलवे अधिकारियों को भी लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों की मांग है कि पहाड़पुर रेलवे फाटक पर शीघ्र ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे जनहित में आंदोलन करने को विवश होंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन, रेलवे विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कब तक प्रभावी पहल करते हैं।