ईद-उल-जोहा को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर।

ईद-उल-जोहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह, नीमचक बथानी ने की।

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अतिसंवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं उत्तेजक पोस्ट करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।

बैठक में सभी अधिकारियों को पर्व के दौरान मुख्यालय में उपस्थित रहकर लगातार विधि-व्यवस्था की निगरानी करने का आदेश दिया गया।इस अवसर पर शांति समिति के सदस्य मोहम्मद औरंगज़ेब, अजय कुमार सिंह, श्याम देव प्रसाद उर्फ चंद्रमणि समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।