फतेहपुर में पुलिस का सघन अभियान, 14 चालकों पर 67 हजार का जुर्माना

फतेहपुर थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में यह अभियान झंडा चौक और रजौली मोड़ के पास संचालित किया गया, जहां बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) तथा वाहन के बीमा (इंश्योरेंस) दस्तावेजों की पड़ताल की। अभियान के तहत कुल 56 बाइकों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 67 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि यह अभियान सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।