शादी की खुशियां मातम में बदलीं: मायके आ रही महिला की सड़क हादसे में मौत, चार माह की बच्ची घायल।

गया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। कोच थाना क्षेत्र के बाली गांव निवासी इंद्रजीत वर्मा की पत्नी शिम्पी कुमारी की उस वक्त मौत हो गई, जब वह अपने मायके फतेहपुर थाना क्षेत्र के रघवाचक गांव आ रही थीं।
जानकारी के अनुसार, शिम्पी कुमारी अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए देवर के साथ बाइक से रघवाचक आ रही थीं। इसी दौरान मोहनपुर थाना क्षेत्र के पथरा गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ीं। तभी तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना में शिम्पी कुमारी की चार माह की मासूम बच्ची भी घायल हो गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, शिम्पी कुमारी की शादी करीब दो साल पहले बाली गांव में हुई थी।
इधर, रघवाचक गांव में जहां शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में आज तिलक की तैयारी थी, वहां मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।