गिंजोई खुर्द में विवाहिता ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस।

जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिंजोई खुर्द गांव में शुक्रवार की रात एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान विक्की रजक की पत्नी शिवानी देवी के रूप में हुई है। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार शिवानी देवी ने अपने मिट्टी के घर में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी तीन वर्षीय बेटी जानवी कुमारी जोर-जोर से रोने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन कमरे के पास पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर जब परिजन अंदर दाखिल हुए तो शिवानी फंदे से झूलती मिलीं।
परिजनों ने तत्काल फंदा खोलकर स्थानीय चिकित्सक को बुलाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वजनों के अनुसार शिवानी देवी पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतका का पति विक्की रजक गया शहर के एक निजी मॉल में काम करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले, जो मखदुमपुर थाना क्षेत्र के छतियाना गांव के निवासी हैं, गिंजोई खुर्द पहुंच गए।
इधर, सूचना पर पहुंची फतेहपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेज दिया है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि अब तक मायके पक्ष या अन्य परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।