दुर्गा पूजा में डीजे पर रहेगा प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

खिजरसराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, पूजा पंडालों में आने-जाने के लिए अलग-अलग गेट बनाने का निर्देश

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को खिजरसराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने कहा कि जिन लोगों को पूर्व में लाइसेंसधारी हथियार जमा करने का निर्देश दिया गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने हथियार थाने में जमा कर दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित गतिविधियों में शामिल होने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा गहलौत ने पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग गेट बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहेगी और भीड़ को नियंत्रित करने में सहूलियत होगी।

अंचलाधिकारी केशव किशोर ने कहा कि पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने या किसी स्थान पर अधिक भीड़ जमा होने की स्थिति में पुलिस बल से सहायता ली जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा और निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जनप्रतिनिधियों और दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा संपन्न कराने की अपील की।