हथौड़ी थाना में चाइल्ड हेल्प डेस्क का उद्घाटन, बच्चों को पढ़ाई के प्रति किया जागरूक

हथौड़ी। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हथौड़ी थाना परिसर में चाइल्ड हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया। चाइल्ड हेल्प डेस्क का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-1 अलय वत्स ने थाना क्षेत्र के गणमान्य लोगों, बच्चों एवं पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में किया।

इस अवसर पर एसडीपीओ अलय वत्स ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच कॉपी एवं कलम का वितरण भी किया गया।

वहीं, हथौड़ी थानाध्यक्ष सतनारायण शर्मा ने कहा कि चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से बच्चों को सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को यदि किसी प्रकार की परेशानी, असुरक्षा या समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वह चाइल्ड हेल्प डेस्क के माध्यम से पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकता है। बच्चों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही बच्चों को शिक्षा के प्रति निरंतर जागरूक रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर हथौड़ी थाना के पुलिस बल एवं अन्य लोग मौजूद थे।