
खिजरसराय। नगर पंचायत खिजरसराय की ओर से आयोजित मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले में जनप्रतिनिधियों की टीम ने पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम को 19 रन से हराकर जीत दर्ज की। रविवार को +2 यशवंत उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित 10 ओवर के इस मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना के साथ आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जनप्रतिनिधियों की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने जीत के लिए पूरा प्रयास किया, लेकिन पूरी टीम 85 रन ही बना सकी। इस तरह जनप्रतिनिधियों की टीम ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।
जनप्रतिनिधियों की टीम में उपमुख्य पार्षद पति रौशन यादव, वार्ड पार्षद संदीप सिंह, विवेक कुमार, चंदन चंद्र सैनिक, संजीत कुमार दिवाकर और अंकुश कुमार समेत अन्य खिलाड़ी शामिल थे। वहीं पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम में कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पांडेय, जेई दीपक कुमार, देवेंद्र कुमार समेत नगर पंचायत के अन्य कर्मियों ने हिस्सा लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच आपसी मेलजोल और सौहार्द भी नजर आया। मुकाबले का उद्देश्य कर्मचारियों, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता को बढ़ावा देना भी रहा।कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पांडेय ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला कराया गया। इससे पहले दो दिन पूर्व वॉलीबाल मैच का भी आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पदाधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और सहभागिता की भावना मजबूत होती है।










Leave a Reply